किशनपुर/कोटद्वार। कलालघाटी पुलिस ने शनिवार को जशोधरपुर इंडस्ट्रियल एरिया से सटे गांवों में किराएदारों के सत्यापन की जांच की। इस दौरान पुलिस ने अपने किराएदारों का सत्यापन न कराने पर 13 मकान मालिकों के एक लाख, तीस हजार रुपये के चालान किए।
कलालघाटी पुलिस चौकी इंचार्ज संदीप शर्मा ने बताया कि जशोधरपुर इंडस्ट्रियल एरिया में काम करने वाले बाहरी लोगों का सत्यापन करवाने के लिए कहा गया है। उन्होंने कहा कि जिस मकान मालिक के यहां बाहरी लोग रह रहे हैं, उनके सत्यापन की जिम्मेदारी संबंधित मकान मालिक की है। शर्मा ने बताया कि झंडीचौड़ पूर्वी और हल्दूखाता क्षेत्र में किराए पर रह रहे लोगों के सत्यापन न होने की बात सामने आई है। उन्हें एक सप्ताह के भीतर सत्यापन कराने के लिए कहा गया है। शनिवार को पुलिस ने सत्यापन अभियान चलाकर 13 मकान मालिकों का चालान काटा है।
उधर, कोतवाल मनोज रतूड़ी के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने कोटद्वार के झंडाचौक में बाहरी क्षेत्रों से आए करीब 300 मजदूरों का परिचय प्राप्त कर सत्यापन किया। जिन मजदूरों का सत्यापन नहीं हुआ था, उनका परिचय पत्र लेकर सत्यापन करवाया गया। इसके बाद गिंवईस्रोत से लेकर गाड़ीघाट और लकड़ीपड़ाव में लाउडस्पीकर के माध्यम से किराएदारों का सत्यापन कराने की अपील की गई। उन्होंने कहा कि यदि किसी ने बिना सत्यापन कराए किराएदार रखा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।