कोटद्वार। वकील सुशील रघुवंशी हत्याकांड के खुलासे की मांग को लेकर बार एसोसिएशन के बैनर तले विभिन्न संगठनों का कोटद्वार तहसील में चल रहा धरना-प्रदर्शन 121वें दिन में पहुंच गया है। प्रदर्शनकारियों ने पौड़ी पुलिस के साथ ही एसआईटी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
मंगलवार को तहसील में धरने पर बैठी मृतक वकील की पत्नी रेखा रघुवंशी, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष किशन सिंह पंवार, पूर्व अध्यक्ष ध्यान सिंह नेगी, उत्तराखंड विकास पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मुजीब नैथानी समेत कई संगठनों ने हत्याकांड का खुलासा न होने पर आक्रोश जताया। कहा कि कई दौर की पूछताछ और जांच के बाद भी हत्याकांड का खुलासा न होने से लोगों में आक्रोश है। कहा कि एक सुनियोजित षड्यंत्र के तहत सुपारी देकर हत्या कराई गई, जिसमें जांच अधिकारी हत्यारों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
उत्तराखंड विकास पार्टी के अध्यक्ष मुजीब नैथानी और आरटीआई कार्यकर्ता आशीष किमोठी ने बताया कि इस सिलसिले में एक प्रतिनिधिमंडल ने एडीजी अशोक कुमार से मुलाकात की और एसआईटी जांच समेत पौड़ी पुलिस की ओर से जांच में बरती गई लापरवाही पर चर्चा की। बताया कि इस बीच एसआईटी ने हत्याकांड में नामजद किए गए दो लोगों को दून बुलाकर गहनता से पूछताछ की। कहा कि जब तक हत्यारे सलाखों के पीछे नहीं पहुंचते, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।
फोटो