कोटद्वार। नगर निगम चुनाव के लिए प्रशासन द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जीजीआईसी कोटद्वार में 98 पोलिंग पार्टियों की रवानगी की तैयारी की जा रही है, वहीं राजकीय महाविद्यालय कोटद्वार में मतगणना की व्यवस्थाओं की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। चुनाव ड्यूटी पर तैनात विभिन्न स्थानों के कर्मचारियों के लिए मतदान करने के लिए डाक मत पेटियां भी तैयार कर दी गई हैं।
बृहस्पतिवार को सहायक रिटर्निंग अधिकारी लखपतराज खुगशाल के मार्गदर्शन में चुनाव ड्यूटी पर लगे नगर निगम कोटद्वार, नगर पालिका दुगड्डा, नगर पंचायत र्स्वगाश्रम (जौंक), नगर पंचायत सतपुली के लिए डाक मतपेटी की तैयारी की गई। तहसील में सभी पार्टी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में डाक मतपेटी को खोलकर दिखाया गया। प्रत्याशियों और उनके प्रतिनिधियों की मौजूदगी में उन्हें सील कर दिया गया। सहायक रिटर्निंग अधिकारी लखपतराज खुगशाल ने बताया कि चुनाव ड्यूटी में लगे कर्मचारी 16 नवंबर को आने शुरू हो जाएंगे। 17 नवंबर को मतदान केंद्रों से रवानगी से पहले कर्मचारी अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसके बाद इन पेटियों को उनके स्थानों के लिए भेज दिया जाएगा।
-फोटो