कोटद्वार। लैंसडौन वन प्रभाग के कोटद्वार रेंज के गश्ती दल ने बृहस्पतिवार रात क्षेत्र की मालन और खोह नदी में छापेमारी की। इस दौरान अवैध खनन में संलिप्त तीन ट्रैक्टर-ट्रालियों को पकड़ा गया। पकड़े गए खननकारियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत चालान काटे गए हैं। मामले की रिपोर्ट डीएफओ लैंसडौन को कर दी गई है।
कोटद्वार के वन क्षेत्राधिकारी आरपी पंत ने बताया कि मालन, खोह और सुखरो नदियों में रात को अवैध खनन की शिकायत पर वन विभाग की टीम ने छापेमारी की। इस दौरान मालन नदी में रेत व बजरी निकाल रही एक ट्रैक्टर ट्राली को पकड़ लिया गया। खोह नदी में इस दौरान टीम ने छापेमारी की और दो ट्रैक्टर-ट्रालियां पकड़ लीं। बताया कि ट्रैक्टर-ट्राली के स्वामियों मनीष भट्ट हल्दूखाता, साहिल प्रजापति और संजय प्रजापति निवासी गाड़ीघाट के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम की धाराओं में चालान काटा गया है। रेंजर ने बताया कि वन विभाग की टीम में डिप्टी रेंजर दीपक रावत, सतविंदर सिंह, वन आरक्षी संगीत, भूदेव, महेंद्र सिंह, इसरार, राकेश बिष्ट, पुष्कर, राजीव सैनी व राहुल चमोली शामिल रहे।
सड़कों पर रातभर दौड़ रहीं ट्रैक्टर-ट्रालियां, नींद हराम
कोटद्वार। सुखरो, मालन और खोह नदियों के तटों पर स्थित ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन से रात को चलने वाली ट्रैक्टर-ट्रालियों पर सख्ती से प्रतिबंध लगाने की मांग की। आरएल कुकरेती, डीसी भट्ट व एमएम जोशी का कहना है कि रातभर नदियों में अवैध खनन के शोर से लोगों की नींद खराब हो रही है। सड़कों पर रातभर ट्रैक्टर-ट्रालियां दौड़ रही हैं।
-फोटो