कोटद्वार। रिखणीखाल ब्लाक के ग्राम अंगणी में आयोजित अंगणी ग्रामोत्सव का नाग देवता (कुलदेवता) की पूजा के साथ शुभारंभ हुआ। ग्रामोत्सव में पहुंचे प्रवासियों और ग्रामीणों ने गांव के संपर्क मार्गों, जलस्रोतों की साफ-सफाई की और गांव से पलायन रोकने का संकल्प लिया।
बिचला बदलपुर पट्टी के अंतर्गत अंगणी गांव में आयोजित ग्रामोत्सव का शुभारंभ नाग मंदिर में ग्राम प्रधान सुरजीत सिंह चौहान और ननस्वाल चौहान ने किया। मुख्य अतिथि लैंसडौन विधायक महंत दिलीप सिंह रावत ने कहा कि पलायन उत्तराखंड में एक बड़ी समस्या है। गांवों में रोजगार के अवसर जुटाकर ही बाहर लोगों को गांवों में रोका जा सकता है। उन्होंने कहा कि अंगणी ग्रामोत्सव गांव से हो रहे पलायन में अहम भूमिका निभाएगा। अंगणी ग्रामवासी समूह के महासचिव तीरथ सिंह चौहान, ग्राम प्रधान सुरजीत सिंह चौहान ने अंगणी गांव की विभिन्न समस्याओं को लेकर विधायक महंत दिलीप को ज्ञापन दिया। उन्होंने जूराखोली तोक में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की। इस अवसर पर वन पंचायत सरपंच दामोदार सिंह चौहान, उत्तराखंड क्षत्रिय उत्थान संस्था के अध्यक्ष उम्मेद सिंह चौहान, पंडित सूर्यप्रकाश भारद्वाज, बृजमोहन सिंह, जितेंद्र सिंह चौहान, प्रदीप सिंह, अरविंद सिंह चौहान, महिला मंगल दल की अध्यक्ष गोदांबरी देवी और कल्याण सिंह मौजूद रहे।