धुमाकोट। नैनीडांडा के लोगों को पुल की सौगात मिल गई है। लैंसडौन के विधायक दिलीप रावत ने मंगलवार को जड़ाऊखांद-मजेड़ाबैंड मोटर मार्ग पर कोचियारपुल और धौलियाना रौला पुल का शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि तय समय सीमा में इनका निर्माण पूरा हो जाएगा।
विधायक दिलीप रावत ने मंगलवार को देवलगढ़ नदी पर कोचियारपुल नामक स्थान पर 45 लाख की लागत से बनने वाले 24 मीटर स्पान पुल और धौलियाना रौला में 65 लाख की लागत से बनने वाले 30 मीटर स्पान पुल का शिलान्यास किया। इस मौके पर विधायक दिलीप रावत ने कहा कि इन पुलों के निर्माण से जड़ाऊखांद से कोचियार, जमणधार, धौलियाना से किनाथ, बराथ, सिरखेत व बिरखेत आदि से जुड़ जाएंगे। मजेड़ा बैंड के बाद गौलीखाल, मर्चूला होते हुए रामनगर के लिए सीधा यातायात संपर्क हो जाएगा।
इस मौके पर लोनिवि के अधिशासी अभियंता प्रवीण बहुखंडी, ग्राम प्रधान कोचियार महीपाल सिंह, ग्राम प्रधान जमणधार रघुराज सिंह बिष्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष दीनदयाल कंडारी, महामंत्री ललित पटवाल, बीरेंद्र पटवाल व सत्यपाल सिंह समेत बड़ी संख्या में कोचियार, जमणधार, धौलियाना, किनाथ व बराथ आदि गांवों के ग्रामीण और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फोटो
विधायक ने क्षेत्र भ्रमण कर सुनीं जनसमस्याएं
धुमाकोट। क्षेत्रीय विधायक दिलीप रावत ने अपने दो दिन के भ्रमण कार्यक्रम में पहले दिन क्षेत्र के कई स्थानों का भ्रमण किया तथा जनसमस्याओं का संज्ञान लेते हुए उनके निराकरण का भरोसा दिलाया। विधायक ने शंकरपुर, सल्डमहादेव, खिरेरीखाल, डुंगरी, अदालीखाल, जड़ाऊखांद, कोचियार, जमणधार, धौलियाना आदि गांवों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने जीआईसी कोचियार का भी निरीक्षण किया। पीटीए अध्यक्ष सत्यपाल सिंह रावत ने विद्यालय के कोटिकरण में सुधार कर दुर्गम श्रेणी में रखने, कंप्यूटर, सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग की। ग्राम रक्षक यूनियन के प्रांतीय अध्यक्ष मोहन ध्यानी ने उचित मानदेय की मांगें उनके सामने रखीं।