कोटद्वार। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की यहां हुई बैठक में कर्मचारियों की मांगों पर चर्चा की। कहा कि सरकार कर्मचारियों की वेतन विसंगति और अन्य समस्याओं के निराकरण के लिए सकरात्मक कदम नहीं उठा रही है।
बुधवार को आयोजित बैठक में प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष राकेश तिवारी ने प्रदेश में शिक्षक कर्मचारी मोर्चा गठन किए जाने को उचित बताया। कहा कि पौड़ी जनपद में भी विभिन्न कर्मचारी संगठनों तथा शिक्षकों के मोर्चा बनाए गए हैं, जिससे वे अपनी समस्याओं को प्रदेश सरकार तक पहुंचा सकें। कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों की वेतन विसंगति और अन्य समस्याओं के निराकरण के लिए कोई कदम नहीं उठा रही है। इसके कारण प्रदेश के विभिन्न कर्मचारी संगठनों और शिक्षक संगठनों को कर्मचारी-शिक्षक आउटसोर्स संयुक्त मोर्चा का गठन करना पड़ा। उन्होंने बताया कि पौड़ी जनपद के कर्मचारी व शिक्षक आउटसोर्स मोर्चा के गठन के लिए जल्द ही कोटद्वार में सम्मेलन करेंगे। उन्होंने उत्तराखंड के राजकीय महाविद्यालयों में कार्यरत प्रयोगशाला सहायकों की मांगों को न्यायोचित बताते हुए जल्द ही उनका निराकरण करने की मांग प्रदेश सरकार से की है।
बैठक में हर्ष मोहन नेगी, नरेश सिंह, भारत सिंह बिष्ट, राजेश रावत, प्रकाश चौधरी, धीरेंद्र सिंह रावत, मुकेश रावत, सरदार सिंह व ओमपाल सिंह आदि शामिल रहे।