कोटद्वार। देवीरोड पर सड़क किनारे खड़ी एक बस से टकराकर बाइक सवार की मौत हो गई। हादसा बुधवार रात का बताया जा रहा है। पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
देवीरोड पर बुधवार की रात एक बाइक सड़क किनारे खड़ी एक बस से टकरा गई। इससे बाइक सवार की मौत हो गई। बृहस्पतिवार तड़के एक स्कूल बस चालक ने कोतवाली में हादसे की सूचना दी। देवीरोड पर एक होटल के पास अचेत अवस्था में पड़े युवक को लेकर पुलिस सरकारी अस्पताल पहुंची, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उपनिरीक्षक संदीप शर्मा ने बताया कि घटना बुधवार रात करीब दस बजे की बताई जा रही है। मृतक की शिनाख्त पौड़ी के कल्जीखाल ब्लाक के पट्टी असवालस्यूं के मालव गांव निवासी मंदीप नेगी (27) पुत्र अशोक सिंह के रूप में हुई। बताया कि मंदीप कोटद्वार में देवीरोड स्थित एक होटल में नौकरी करता था। बुधवार रात वह बाइक से कहीं जा रहा था। इस दौरान खुशी होटल के निकट उसकी बाइक अनियंत्रित होकर वहां सड़क किनारे खड़ी बस से जा टकराई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। रात का मामला होने के कारण दुर्घटना की ओर किसी का ध्यान नहीं गया। बृहस्पतिवार सुबह जानकारी मिलते ही पुलिस ने उसे सरकारी अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।