कोटद्वार। भाई के फर्जी हस्ताक्षर कर एक व्यक्ति ने अल्मोड़ा अर्बन बैंक कोटद्वार से लाखों रुपये का ऋण ले लिया। मामला प्रकाश में आने और प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि हरिद्वार निवासी बलवीर सिंह की तहरीर के आधार पर उसके भाई महावीर सिंह निवासी देवीरोड कोटद्वार के खिलाफ आईपीसी की धारा 420 के तहत मामला दर्जकर गहनता से जांच शुरू कर दी गई है। सीओ जोधराम जोशी ने बताया कि हरिद्वार निवासी बलवीर सिंह पुत्र मनोहर सिंह ने अपने सगे भाई देवीरोड निवासी महावीर सिंह के खिलाफ तहरीर दी थी। तहरीर में बलवीर सिंह ने बताया कि उसके भाई महावीर सिंह ने उसके फर्जी हस्ताक्षर कर अल्मोड़ा अर्बन बैंक से ऋण लिया है। बताया कि बलवीर और महावीर का बैंक में संयुक्त खाता है। दोनों के हस्ताक्षरों के बिना ऋण नहीं मिल सकता हैं। महावीर ने बैंक में बलवीर के फर्जी हस्ताक्षर कर ऋण लेने की बात सामने आई है। महावीर सिंह द्वारा की गई सभी प्रक्रियाएं सही थीं। अपनी प्रॉपर्टी के आधार पर बैंक से ऋण लिया था, लेकिन उसके भाई बलवीर सिंह ने इस मामले में बैंक में फर्जी हस्ताक्षर कर ऋण लेने का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।