दुगड्डा (कोटद्वार)। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय जयहरीखाल और एसआईएस सिक्योरिटी देहरादून के सहयोग से बुधवार को साझासैंण स्थित दुगड्डा ब्लॉक मुख्यालय में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में करीब 40 बेरोजगार युवा रोजगार की उम्मीद में पहुंचे। भर्ती अधिकारी ने युवाओं को सुरक्षाकर्मी और सुपरवाइजर पदों पर भर्ती की प्रक्रिया और शर्तों की जानकारी दी।
भर्ती अधिकारी आशीष कुमार ने अभ्यर्थियों का पंजीकरण किया। उन्होंने बताया कि सुरक्षा जवान के पद पर चयन के लिए अभ्यर्थियों का शारीरिक परीक्षण और मेडिकल जांच देहरादून में होगी। चयनित युवाओं को देहरादून में एक माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि भर्ती के लिए आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित है। अभ्यर्थी का दसवीं पास या फेल होना मान्य है। न्यूनतम ऊंचाई 168 सेंटीमीटर और वजन 50 से 90 किलोग्राम होना चाहिए। अभ्यर्थी का शारीरिक रूप से स्वस्थ होना जरूरी है। प्रशिक्षण के लिए 10,900 रुपये शुल्क अग्रिम जमा करना होगा। प्रशिक्षण के बाद 15 हजार से 30 हजार रुपये मासिक प्रारंभिक वेतन दिया जाएगा। संवाद