कोटद्वार। निकाय चुनाव के अंतर्गत कोटद्वार, दुगड्डा और सतपुली में मतदान कर्मियों को मतदान केंद्राें तक पहुंचाने के लिए परिवहन विभाग कोटद्वार ने 35 वाहन अधिग्रहित किए हैं। बुधवार (आज) सुबह से इन वाहनों को मतदान ड्यूटी में लगाया जाएगा। सभी वाहनों को पीजी कॉलेज कोटद्वार में खड़ा करवा दिया गया है।कोटद्वार नगर निगम के अंतर्गत 40 वार्डों में चुनाव प्रचार का शोरगुल थम चुका है। चुनाव को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए अब प्रशासन एवं पुलिस बल के वाहनों के सायरन गूंजने लगे हैं। इस बीच परिवहन विभाग ने चुनाव ड्यूटी के लिए 35 वाहनों का अधिग्रहण किया है। परिवहन विभाग की सहायक नोडल अधिकारी शशि दुबे ने बताया कि कोटद्वार के लिए 28, सतपुली एवं दुगड्डा के लिए एक-एक बस अधिग्रहित की गई है।
इसके अलावा पुलिस के लिए एक बस और दो जीप अधिग्रहित की गई हैं। दुगड्डा के लिए दो जीप रिजर्व में रखी गई हैं। ये वाहन बुधवार (आज) सुबह राजकीय पीजी कॉलेज कोटद्वार से कोटद्वार और दुगड्डा की पोलिंग पार्टियों को मतदान सामग्री समेत मतदान केंद्रों पर लेकर पहुंचना शुरू होंगे। वहीं, सतपुली की पोलिंग पार्टियों के लिए बस सतपुली में ही उपलब्ध होगी। 23 जनवरी की शाम को मतदान के उपरांत पोलिंग पार्टियों को इन्हीं वाहनों से वापस पीजी कॉलेज पहुंचाया जाएगा।