कोटद्वार। गढ़वाल मोटर ऑनर्स यूनियन (जीएमओयू) प्रबंधन और वाहन स्वामियों की बैठक में नए रूटों पर बसों के संचालन के लिए समय-सारणी जारी की गई। कहा गया कि कोटद्वार के साथ ही पौखाल और कांडी (यमकेश्वर) रूट पर ऋषिकेश से भी जीएमओयू की बस सेेवा चलेगी। कोटद्वार से लैंसडौन हिमगिरी बस सेवा चलाई जाएगी।
जीएमओयू के अध्यक्ष जीत सिंह पटवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में कहा गया कि परिवहन सचिव की ओर से कंपनी के वाहनों में टैक्स पर 25 रुपये प्रति सीट की कमी की गई है। 11 जनवरी से कोटद्वार-कांडी, कोटद्वार-डाडामंडी-द्वारीखाल और कोटद्वार-लैंसडौंन मार्गों पर विधिवत रूप से बस सेवाएं संचालित कर दी जाएंगी।
जीएमओयू अध्यक्ष जीत सिंह पटवाल ने कहा कि जन सहयोग मिलने पर इन मार्गों पर अतिरिक्त बस सेवाओं का संचालन भी किया जाएगा। कोटद्वार से पौखाल के लिए दिन में एक बजे, पौखाल से कोटद्वार के लिए सुबह सात बजे बस सेवा चलेगी। ऋषिकेश से वाया कांडी-पौखाल तक सुबह साढ़े आठ बजे, पौखाल से बाया कांडी ऋषिकेश तक अपराह्न एक बजे, कोटद्वार से कांडी वाया ऋषिकेश से हरिद्वार तक सुबह सात बजे, कोटद्वार से लैंसडौंन के लिए प्रात: साढ़े आठ बजे और लैंसडौंन से कोटद्वार शाम साढ़े चार बजे हिमगिरी सेवा संचालित की जाएगी। कोटद्वार से लैंसडौंन के लिए शाम साढ़े चार बजे बस सेवा चलेगी जो रात्रि विश्राम के बाद अगली सुबह साढ़े सात बजे लैंसडौंन से कोटद्वार के लिए रवाना होगी।