पौड़ी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से ग्राम पंचायत बाड़ा में एक दिवसीय बहुउद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों को प्राधिकरण की लाभकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। ग्रामीणों को आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड, श्रमिकों का पंजीकरण आदि विभिन्न सुविधाएं प्रदान की गई।
पौड़ी ब्लाक के ग्राम पंचायत बाड़ा में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर का शुभारंभ प्राधिकरण के सचिव जयेंद्र सिंह ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्राधिकरण गरीब, असहाय, महिला उत्पीड़न को लेकर निशुल्क विधिक सहायता प्रदान करता है। ग्रामीणों को प्राधिकरण की योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए। कहा कि पोस्को के तहत महिलाओ से दुराचार के मामलों में पीड़िता को दो लाख से दस लाख तक मुआवजा देने का प्रावधान है। श्रम अधिकारी कुलदीप कुमार ने विभाग की योजनाओं की जानकारी दी। शिविर में 150 श्रमिकों का पंजीकरण, 30 ग्रामीणों को आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए। 70 ग्रामीणों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य कुसम नेगी, सीएमओ डा. बीएस जंगपांगी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनीता अरोड़ा, डीएचओ डॉ नरेन्द्र कुमार, डीपीआरओ एमएम खान, बाल गौरव सिंह बिष्ट, देवेन्द्र सिंह राणा आदि मौजूद थे।