कोटद्वार। शहीद मुकेश बिष्ट स्मृति अंतरविद्यालयी फुटबाल प्रतियोगिता का खिताब लगातार दूसरी बार सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल ने जीता। सेंट जोसेफ कान्वेंट स्कूल ने फाइनल मैच में बलूनी स्कूल को हराया। मुख्य अतिथि पूर्व विधायक शैलेंद्र सिंह रावत ने विजेता टीम को ट्रॉफी दी। प्रतियोगिता में बेहतरीन प्रदर्शन करने पर खिलाड़ी अखिलेश को गोल्डन बूट, अर्पण रावत को गोल्डन ग्लव्स, संदीप को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट और अंशुमान को उदयमान खिलाड़ी का अवार्ड दिया गया।
मोटाढांक स्थित मिनी स्टेडियम में आयोजित अंतर विद्यालयी फुटबाल प्रतियोगिता का फाइनल मैच सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल और बलूनी पब्लिक स्कूल के बीच खेला गया। पहले हाफ में दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। मैच शुरू होने के कुछ देर बाद कॉन्वेंट के स्ट्राइकर संदीप ने बलूनी के डिफेंडरों को छकाते हुए एक गोल मार दिया। दूसरे हाफ में कॉन्वेंट एक गोल की बढ़त के साथ मैदान में उतरी और नई रणनीति के साथ आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए बलूनी के गोलपोस्ट पर हमले तेज कर दिए। तभी कॉन्वेंट के खिलाड़ी यश रावत ने दूसरा गोल कर दिया। इसके बाद आकाश ने तीसरा गोल कर बलूनी के हौसले पस्त कर दिए। बलूनी के खिलाड़ियों ने मैच में वापसी के बहुत प्रयास किए, लेकिन कान्वेंट की टीम के आगे वे अंतिम समय तक एक भी गोल नहीं कर पाई। इस तरह कान्वेंट स्कूल लगातार दूसरी बार प्रतियोगिता की विजेता बनी। मैच का आंखों देखा हाल सुरदीप गुसाईं और मेहरबान सिंह ने सुनाया। इस अवसर पर शहीद मुकेश बिष्ट की माता डा. देवेश्वरी बिष्ट, ज्योति रावत, गिरिराज सिंह रावत, भरत नेगी, जगमोहन सिंह नेगी, वीरेंद्र रावत, उम्मेद सिंह नेगी, प्रदीप राणा, तीरथ रावत, प्रदीप पुरोहित, सत्या ममगाईं, दीप मोहन नेगी, दिनेश रावत और अभिषेक आदि मौजूद थे।