कोटद्वार। दो माह से पेयजल किल्लत से परेशान सिमलचौड़ के लोगों का आखिर सब्र का बांध टूट गया। बड़ी संख्या में लोगों ने तहसील में प्रदर्शन कर उन्हें पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की।
बृहस्पतिवार को विकास आर्य के नेतृत्व में सिमलचौड़ के लोग तहसील पहुंचे उन्होंने पेयजल की समस्या को दूर करने के लिए जलसंस्थान के खिलाफ नारेबाजी की और समस्या के समाधान के लिए तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर लोगों ने जलसंस्थान पर उन्हें पर्याप्त पेयजल उपलब्ध नहीं कराने का आरोप लगाया। कहा कि नलों पर पानी आने का समय निर्धारित नहीं है। क्षेत्र में आबादी का घनत्व लगातार बढ़ रहा है, जबकि पेयजल लाइन वही दशकों पुरानी है। जनसंख्या के अनुपात के अनुसार पेयजल लाइनों का पुनर्गठन नहीं होने से क्षेत्र में पेयजल की समस्या बनी हुई है। पेयजल की समस्या से सबसे ज्यादा गृहणियां प्रभावित हो रही हैं, उनका पूरा दिन पानी ढोने में ही व्यतीत हो रहा है। चेताया कि जल्द ही क्षेत्र में पेयजल की आपूर्ति सुचारु नहीं हुई, तो ग्रामीण खाली बर्तनों के साथ उग्र आंदोलन करेगा। प्रदर्शनकारियों में पवेत्री देवी, मिनाक्षी, यशोदा देवी, विनीता देवी, चांद किरण, संजय किरण, लक्ष्मी देवी, मंजू देवी, इंद्रवीर सिंह, मनोज, संपत्ति देवी, मधु देवी, संगीता आर्य, प्रदीप कुमार शामिल रहे।