कोटद्वार। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार में छात्रसंघ चुनाव के लिए कॉलेज व स्थानीय पुलिस प्रशासन ने कमर कस ली है। कोटद्वार पीजी काॅलेज में करीब 3000 छात्र मताधिकार का प्रयोग करेंगे। कोटद्वार में अध्यक्ष और सचिव पद पर एनएसयूआई और एबीवीपी में सीधा मुकाबला होगा। बृहस्पतिवार को दोनों छात्र संगठनों की ओर से मुख्य बाजार से लेकर कॉलेज गेट तक रैलियों का आयोजन कर शक्ति प्रदर्शन किया गया।
महाविद्यालय के छात्रसंघ निर्वाचन अधिकारी डॉ. सुशील चंद्र बहुगुणा ने बताया कि अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई की अम्बिका बेबनी और एबीवीपी के विकास कुमार के बीच मुकाबला है। उपाध्यक्ष पद पर एबीवीपी से आयुष चमोली और सहसचिव पद पर भूमिका जोशी निर्विरोध चुन लिए गए हैं। सचिव पद पर अनुराग कंडवाल और पलक के बीच मुकाबला होगा। कोषाध्यक्ष पद पर रितिका राणा निर्विरोध निर्वाचित हो गई हैं। विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के पद पर अमित काला, अनुज रावत और पारस नेगी चुनाव लड़ रहे हैं। प्राचार्य प्रो. डीएस नेगी ने बताया कि चुनाव की तैयारियां की जा रही हैं। उधर, बृहस्पतिवार को एनएसयूआई और एबीवीपी प्रत्याशियों ने कोटद्वार के झंडाचौक से पीजी काॅलेज तक रैली निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया।