कोटद्वार। आईएचएमएस कोटद्वार के राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के 30 छात्रों का चयन युवा आपदा मित्र योजना के अंतर्गत सात दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के लिए किया गया है। इस योजना का उद्देश्य युवाओं को आपदाओं के समय प्रथम प्रतिक्रिया देने वाले स्वयंसेवकों के रूप में तैयार करना है। संस्थान में एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रवीण त्रिपाठी एवं सहायक प्रवक्ता राहुल जोशी ने प्रशिक्षण के लिए चयनित छात्रों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण छात्रों के व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ समाजसेवा की भावना को भी सशक्त बनाएगा। कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षण में एसडीआरएफ के विशेषज्ञों की ओर से खोज एवं बचाव कार्य, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन, आपातकालीन संचार एवं संकट प्रतिक्रिया जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। संवाद