दुगड्डा। ऊर्जा निगम ने समय पर बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई शुरू कर दी है। अभियान में आठ लाख रुपये बकाया धनराशि वसूल करने के साथ ही बिजली बिलों का भुगतान नहीं करने वाले 25 उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए।
दुगड्डा, द्वारीखाल व यमकेश्वर ब्लाॅक के उपभोक्ताओं को बकाया बिजली बिलों का भुगतान करने के लिए दिसंबर में निर्धारित तिथि तक का समय दिया गया था। उपभोक्ताओं ने इसमें रुचि नहीं दिखाई। जिस पर उच्चाधिकारियों ने बिलों के भुगतान की धनराशि जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए। ऊर्जा निगम के अवर अभियंता कमल सिंह रावत ने बताया कि 10 हजार रुपये से अधिक बिल का भुगतान नहीं करने वाले 393 उपभोक्ताओं पर 85 लाख रुपये बकाया हैं।
8 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है। 25 उपभोक्ताओं के बिजली कनैक्शन काटे गए हैं। दो हजार रुपये तक के बिल का भुगतान नहीं करने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है। उपभोक्ताओं को विद्युत बिलों का भुगतान ऑनलाइन जमा करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। यूपीसीएल की ओर से अग्रिम आदेश तक कार्रवाई जारी रहेगी।