विकासखंड देवप्रयाग और कीर्तिनगर के निवासियों के लिए खुशखबरी है। पिछले एक दशक से लंबित चल रही पांच सड़कों के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत धनराशि मंजूर हो गई है। सड़कों के लिए 22 करोड़ 13 लाख 25 हजार रुपये स्वीकृत हुए हैं।
प्रदेश के पेयजल मंत्री/क्षेत्रीय विधायक मंत्री प्रसाद नैथानी ने बताया कि पांचों सड़कों का निर्माण कार्य वर्ष 2005 से लटका हुआ था। वन अधिनियम की शर्तों और बजट की कमी के चलते सड़कों को मंजूरी नहीं मिल पा रही थी।
उन्होंने इस मसले को केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र सिंह चौधरी के समक्ष रखा। उनके सहयोग से सड़कों के निर्माण को हरी झंडी मिल गई। नैथानी ने बताया कि विकासखंड देवप्रयाग में खोला-जखेड़ (8.5 किमी) और अमणी-किमखोला (7.55 किमी) मोटर मार्ग की स्वीकृति मिली है, जबकि कीर्तिनगर ब्लाक में मुलाना-कांडी (5.5 किमी), बैंजोसैण-राड़ागाड़ (5 किमी) और दुगड्डाकोटी-झिघणीसैंण (10.03 किमी) सड़क का निर्माण पीएमजीएसवाई के अंतर्गत होगा। ब्यूरो