लैंसडौन। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद की ओर से चल रहे पर्यटन पखवाड़े के तहत शनिवार शाम को पर्यटन महोत्सव मनाया गया। इसमें संस्कृति विभाग की टीम ने समा बांधा। लोक गायक प्रीतम भरतवाण और गायिका मंजू सुंद्रियाल के गीतों पर दर्शक देर रात तक पंडाल में थिरकते रहे।
शनिवार को सांस्कृतिक समारोह का बतौर मुख्य अतिथि विधायक दिलीप रावत, विशिष्ट अतिथि गढ़वाल राइफल्स के नवनियुक्त कमान अधिकारी ब्रिगेडियर अनूप सिंह चौहान ने शुभारंभ किया। विधायक दिलीप रावत ने कहा कि पर्यटन का विकास स्थानीय पर्यावरणीय स्थितियों को ध्यान में रखकर होना चाहिए। उन्होंने कहा कि पर्यावरण की कीमत पर वह पर्यटन विकास के पक्षधर नहीं हैं। सरकार द्वारा पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आयोजित पर्यटन पर्व के सकारात्मक परिणाम जल्द सामने आएंगे। उन्होंने होटल व्यवसायियों से स्थानीय निवासियों के हितों का भी ध्यान रखने और उनके साथ तारतम्य बिठाते हुए अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने की अपील की।
इसके बाद गीत संगीत कार्यक्रमों की शुरुआत हुई। लोक गायक प्रीतम भरतवाण और लोकगायिका मंजू सुंद्रियाल के गीतों किले रूसे ह्वैली मेरी सरोली.., शिवजी कैलासू म रैंदा.., आम की डाली मां घुघुती ना बासा...सहित कई गीतों व जागर की प्रस्तुतियों ने खूब समा बांधा। कार्यक्रम का संचालन गणेश कुगशाल ने किया।
इस मौके पर एडीएम रामजी शरण शर्मा, डिप्टी कमांडेंट कर्नल शलभ सनवाल, छावनी परिषद के सीईओ भूपति रोहित, छावनी उपाध्यक्ष दिनेश रावत, होटल एसोसिएशन ग्रामीण के अध्यक्ष कर्नल विक्रम सिंह रावत, होटल एसोसिएशन नगर के अध्यक्ष सलीम उर्रहमान, एसडीएम किशन सिंह नेगी, तहसीलदार राजेंद्र रतूड़ी, जिला पर्यटन अधिकारी खुशाल सिंह नेगी, सूबेदार मेजर त्रिलोक सिंह, ब्लाक प्रमुख पप्पू देवी, सूर्यदेव शाह, सुनील बख्शी व अजय शंकर ढौंडियाल आदि मौजूद थे।
-फोटो