जयहरीखाल/दुगड्डा। कोटद्वार-पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर गूमखाल के पास राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बुरांसी के शिक्षकों को लेकर स्कूल जा रही एक बोलेरो अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इसमें बैठे चार शिक्षक और एक शिक्षिका घायल हो गए। वाहन चालक शिक्षक की हालत गंभीर होने पर उसे कोटद्वार बेस अस्पताल में भर्ती किया गया है।
गूमखाल चौकी प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि बुधवार सुबह कोटद्वार से शिक्षक विमल चौधरी अपने बोलेरो वाहन में तीन शिक्षक और एक शिक्षिका को बैठाकर बुरांसी स्कूल जा रहे थे। तभी करीब सात बजे गूमखाल के पास एक मोड़ पर सामने से आ रहे ट्रक को बचाने के चक्कर में वाहन अनियंत्रित होकर पांच मीटर नीचे गहरी खाई में गिर गया। गनीमत यह रही कि नीचे खाई में चीड़ के पेड़ थे, जिनसे टकराकर वाहन रुक गया, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
चौकी प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना में वाहन चालक कोटद्वार निवासी शिक्षक विमल चौधरी, विकास भट्ट, रेनू घिल्डियाल, प्रीतम बिष्ट और रईश अहमद घायल हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को वाहन से निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जयहरीखाल पहुंचाया, जहां विकास भट्ट, प्रीतम बिष्ट और रईश अहमद को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। वाहन चालक विमल चौधरी और रेनू घिल्डियाल को कोटद्वार बेस चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। वहां से रेनू घिल्डियाल को छुट्टी दे दी गई, जबकि विमल चौधरी अभी अस्पताल में भर्ती हैं।
-फोटो