कोटद्वार। बाल भारती स्कूल के पूर्व छात्र नवोदित वर्मा का आईएएस अधिकारी के लिए चयन हुआ है। छह अगस्त को नवोदित के कोटद्वार पहुंचने पर विद्यालय की ओर से उनका सम्मान किया जाएगा।
बाल भारती के प्रधानाचार्य गिरिराज सिंह रावत ने बताया कि नवोदित वर्मा ने उनके विद्यालय में आठवीं तक की शिक्षा ग्रहण की। नवोदित के पिता अनिल कुमार वर्मा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार प्रयोगशाला सहायक के रूप में कार्यरत हैं, जबकि मां पूनम वर्मा गृहणी हैं। वर्तमान में उनका परिवार मंदाकिनी नगर नजीबाबाद रोड कोटद्वार में निवास करता है। क्षेत्र से आईएएस सेवा में चयन होने वाला नवोदित पहला युवक है।
नवोदित के पिता अनिल वर्मा ने बताया कि उनके बेटे को यूपीएससी की राष्ट्रीय स्तर पर 521वीं रैंक हासिल हुई है, वहीं ओबीसी की सूची में उन्हें भारतीय प्रशासनिक सेवा में 63वीं रैंक हासिल हुई। उन्हें आईएएस अधिकारी के रूप में चयनित कर लिया गया है। नवोदित वर्मा वर्तमान में भारत सरकार के उपक्रम एनटीपीसी सूरत गुजरात में डिप्टी मैनेजर के पद पर सेवारत हैं। 27 अगस्त से उनकी लालबहादुर शास्त्री एकेडमी मसूरी में आईएएस अधिकारी की ट्रेनिंग प्रारंभ होगी। बाल भारती पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य जीएस रावत ने बताया कि छह अगस्त को नवोदित के कोटद्वार पहुंचने पर सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा।