कोटद्वार। तहसील सभागार में आयोजित तहसील दिवस में पेंशन, बिजली, सिंचाई, राजस्व और पुलिस की कुल 19 शिकायतें दर्ज की गईं। लोगों ने शिकायतों का निस्तारण नहीं होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि तहसील दिवस पर की गई शिकायतों की सुनवाई नहीं हो रही है। विभाग के अधिकारी एसडीएम के सामने समस्या के समाधान का आश्वासन देते हैं और उसके बाद उसका समाधान करना भूल जाते हैं।
मंगलवार को एसडीएम की गैरमौजूदगी में तहसीलदार सुनील राज ने लोगों की शिकायतों को सुना और अधिकारियों को गंभीरतापूर्वक समस्याओं के समाधान के निर्देश दिए। इस अवसर पर लोगों ने समाज कल्याण से संबंधित चार, राजस्व विभाग की पांच, सिंचाई विभाग की दो, पुलिस की चार, ऊर्जा निगम की तीन और नगर निगम की एक शिकायत दर्ज कराई।
पदमपुर निवासी सुरेंद्र सिंह, बालासौड़ निवासी राजेंद्र प्रसाद व शकुंतला देवी ने तहसीलदार से अधिकारियों द्वारा समस्या का समाधान नहीं करने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि वे बार-बार तहसील दिवस पर एक ही समस्या को लेकर पहुंचते हैं, लेकिन अधिकारियों द्वारा आश्वासन दिए जाने के बाद भी उनका निस्तारण नहीं किया जाता है। इस पर तहसीलदार सुनील राज ने मौके पर सात शिकायतों का निस्तारण किया और शेष के लिए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समस्या के समाधान के निर्देश दिए।