कोटद्वार। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के निर्देश पर पौड़ी जिले में एक सांगठनिक जिला इकाई वजूद में आ गई है। भाजपा के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह बिष्ट ने मंगलवार को पौड़ी जिला इकाई की घोषणा की है। जिला इकाई में छह उपाध्यक्ष, दो महामंत्री, एक कोषाध्यक्ष, पांच सचिव, एक मीडिया प्रभारी बनाए गए हैं। इसके अलावा सभी पांच मोर्चों का भी गठन करते हुए उनके जिलाध्यक्ष नियुक्त कर दिए गए हैं।
गत अक्तूबर में देहरादून आए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट को प्रदेश के सभी प्रशासनिक जिलों में एक ही जिला इकाई बनाने के निर्देश दिए थे। पौड़ी जिले में चल रही दो जिला इकाइयां पौड़ी और कोटद्वार को भंग कर अक्तूबर में कोटद्वार के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह बिष्ट को प्रमोट कर संपूर्ण पौड़ी जिले का दायित्व सौंपा गया था। इस बीच जिलाध्यक्ष शैलेंद्र ने नई कार्यकारिणी का गठन करते हुए मंगलवार को इसकी घोषणा की। जिला संगठन में विकास कुकरेती, आशा डबराल, विमल वर्मा, लखपत भंडारी, गणेश नेगी और विक्रम बिष्ट को उपाध्यक्ष बनाया गया है। बीरेंद्र सिंह रावत और नीरज पांथरी को जिला महामंत्री और गोविंद लड्डा को कोषाध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया है।
अनिता आर्य, संपत सिंह, दलवीर सिंह नेगी, मोहन सिंह नेगी, सूर्यदेव शाह को जिला सचिव और मनीष शर्मा को मीडिया प्रभारी बनाया गया है। अमित भारद्वाज को भाजयुमो जिलाध्यक्ष, मधु खुगशाल को महिला मोर्चा, बीरबल रिंगोडी को अनुसूचित जाति मोर्चा, अनीश अहमद को अल्पसंख्यक मोर्चा, सुरजीत मनराल को किसान मोर्चा का जिलाध्यक्ष बनाया गया है।