कोटद्वार। कालागढ़ थाना क्षेत्र में जून 2014 में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई एक युवती की मौत के मामले में तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी खुलासा न होने पर परिजनों ने प्रधानमंत्री कार्यालय को पत्र लिखा है। युवती के भाई ने प्रधानमंत्री से इस मामले की सीबीआई जांच की मांग की है। न्याय न मिलने की दशा में भाई ने पीएमओ के समक्ष आत्मदाह की चेतावनी दी है।
कालागढ़ हाइडिल कालोनी निवासी जगमोहन कुमार सैनी ने बताया कि उसकी बहन भारती मौर्य का दो जून 2014 को कालागढ़ स्थित शेरकोट नहर के पास संदिग्ध हालात में शव मिला था। इसके बाद मामले में जांच को लेकर उपजिलाधिकारी कोटद्वार को पत्र लिखा गया था। पत्र में 30 दिन के अंतराल में मामले में कार्रवाई की मांग की गई थी, लेकिन इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया। समय पूरा होने पर युवती के भाई ने कोटद्वार तहसील में आत्मदाह का प्रयास किया था। जगमोहन कुमार ने पीएमओ को लिखे पत्र में कहा कि बहन की हत्या के मामले को तीन वर्ष बीत गए हैं, लेकिन अभी तक मामले का खुलासा नहीं किया गया है। कहा कि उत्तराखंड सरकार द्वारा मामले में कोई कार्रवाई न होने के बाद ही निराश होकर उसने देश के प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर मामले की सीबीआई जांच की मांग की है। कहा कि 40 दिन के अंतराल में यदि इस मामले में सीबीआई जांच के आदेश नहीं होते हैं, तो वह प्रधानमंत्री कार्यालय दिल्ली के समक्ष आत्मदाह करने को बाध्य होंगे।