कोटद्वार। राष्ट्रीय राजमार्ग पर नजीबाबाद-कोटद्वार के बीच जाफराबाद के पास भारी बारिश में एक बाइक सवार परिवार के ऊपर पेड़ गिर गया। इसमें बाइक में सवार एक ही परिवार के तीन लोग बुरी तरह से घायल हो गए। मार्ग पर चल रहे सैनिकों ने उनकी जान बचाई और उन्हें राजकीय संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया।
मिली जानकारी के अनुसार रायपुर नवादा बिजनौर निवासी 36 वर्षीय धर्मवीर कश्यप अपनी 34 वर्षीय पत्नी जयमाला और 10 वर्षीय पुत्र आशीष के साथ मोटरसाइकिल से कोटद्वार आ रहा था। तभी जाफराबाद के पास एक पेड़ उनके ऊपर गिर गया। इसके कारण वे पेड़ के नीचे दब गए। इस बीच कोटद्वार एमटी कैंप के सैनिक उस मार्ग पर वाहन चलाने की ट्रेनिंग ले रहे थे और वे कोटद्वार लौट रहे थे। बाइक सवार परिवार के ऊपर पेड़ गिरा हुआ देख सैनिकों ने पेड़ को सड़क से अलग किया और घायल अवस्था में सड़क पर गिरे परिवार को अपने वाहन में लाकर राजकीय अस्पताल कोटद्वार में भर्ती कराया। डाक्टरों ने बताया कि बच्चे और उसके पिता पर अधिक चोट लगी है। उनका इलाज किया जा रहा है।