कोटद्वार। लैंसडौंन वन प्रभाग की एसओजी टीम ने शनिवार सुबह मालन नदी में अवैध रूप से खनन सामग्री भर रही तीन ट्रैक्टर ट्रालियों को पकड़ लिया। टीम ने पकड़ी गई ट्रैक्टर ट्रालियों को सीज कर रेंज कार्यालय परिसर में लाकर खड़ा कर दिया है। मामले में वाहन स्वामियों का चालान काटा गया है। पकड़ी गई ट्रैक्टर ट्रालियों में दो बिना नंबर के पाई गई।
लैंसडौंन वन प्रभाग के एसओजी रेंज प्रभारी दिनेश चंद्र घिल्डियाल ने बताया कि वन विभाग की टीम ने शनिवार तड़के सुबह साढ़े पांच बजे मालन नदी के पास छापे की कार्रवाई की। छापेमारी की भनक लगते ही नदी में अवैध रूप से खनन सामग्री भर रही तीन ट्रैक्टर ट्रालियों को टीम ने पकड़ लिया। टीम ने तीनों वाहनों को रेंज कार्यालय परिसर में लाकर सीज कर दिया। मामले में वाहन स्वामी संतन सिंह, अरविंद नेगी और विपुल नेगी तीनों मवाकोट निवासी के खिलाफ चालान काटा गया है। उन्होंने बताया कि पकड़ी गई तीन ट्रैक्टर ट्रालियों में से दो बिना नंबर के ही संचालित हो रही हैं।