किशनपुर (कोटद्वार)। भाबर के सिगड्डी क्षेत्र के दलीपपुर में खननकारी अवैध खनन के लिए सरकारी जमीन पर ट्रैक्टर-ट्राली के लिए रास्ता बनाने का प्रयास कर रहे थे। क्षेत्रीय लोगों ने इन लोगों को वहां से भगा दिया। लोगों ने इस मौके पर अवैध भंडारण भी जब्त करवाया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे कानूनगो ने मामले की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है।
शनिवार को सिगड्डी के खदरी क्षेत्र में अवैध खनन के लिए सरकारी जमीन पर कब्जा कर रास्ता बनाने की सूचना से क्षेत्रवासी भड़क गए। लोग मौके पर पहुंचे और जमकर हंगामा काटा। उन्होंने खननकारियों और जेसीबी को वहां से खदेड़ दिया। पार्षद जगदीश सिंह मेहरा, महिपाल सिंह, देवेंद्र सिंह, चंद्रसिंह रावत, आनंद सिंह अधिकारी, पंकज कबटियाल, विकास मेहरा, रणजीत सिंह, गोपाल सिंह अधिकारी ने बताया कि दलीपपुर में अवैध खनन के जरिए अवैध भंडारण भी शुरू कर दिया गया है। उन्होंने इसकी सूचना कलालघाटी पुलिस चौकी और तहसील प्रशासन को दी। हंगामा इतना बढ़ गया कि खननकारियों और स्थानीय लोगों में हाथापाई की नौबत आ गई। सूचना पाते ही कलालघाटी पुलिस चौकी इंचार्ज मय पुलिसकर्मियों के मौके पर पहुंचे और मामले को शांत किया। इसके बाद नायब तहसीलदार कुलदीप रावत और कानूनगो चित्र सिंह रावत भी राजस्व कर्मियों के साथ मौके पर पहुुंचे। स्थानीय निवासी जगदीश सती ने बताया कि खननकारियों ने जबरन उसके खेत से ट्रैक्टर आने-जाने का रास्ता बना दिया और धड़ल्ले से सिगड्डी स्रोत से अवैध खनन कर रहे हैं। कहा कि खनन कारोबारियों ने एक अन्य काश्तकार के खेत में कब्जे का प्रयास करते हुए जबरन दीवार बनानी शुरू कर दी, जिसमें उन्हें न्यायालय की शरण में जाना पड़ा। प्रशासन की टीम ने मौके का निरीक्षण किया, जिसमें उन्हें सरकारी जमीन पर करीब 35 घन मीटर अवैध खनन का स्टाक मिला। नायब तहसीलदार और कानूनगो ने बताया कि जांच कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जा रही है।