किशनपुर (कोटद्वार)। भाबर में कण्वाश्रम महोत्सव के तीसरे दिन महिला कीर्तन मंडलियों और स्कूली बच्चों ने लोकगीतों पर रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। मैराथन में आशु और शोभा राणा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, वहीं बालिका वर्ग के कबड्डी का फाइनल मुकाबला आर्य कन्या इंटर कालेज कोटद्वार के नाम रहा।
महोत्सव के तीसरे दिन का शुभारंभ नगर निगम की मेयर हेमलता नेगी ने किया। उन्होंने कहा कि यह पौराणिक मेला हमारी सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे संजोने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने होंगे। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में 18 कीर्तन मंडलियों ने भजनों और लोकगीतों पर नृत्य की प्रस्तुति दी। वहीं स्कूली बच्चों ने पंचमी का मेला मेरी बौ सुरेला, मेरा बद्री नारायण, ओ मोहना, जमीना कु पाणी, चैता की चैतवाली, चक दे इंडिया, वसंत आया रे, रानी खेता राम डोला आदि लोकगीतों पर रंगारंग प्रस्तुति दी। संचालन शशि भूषण अमोली ने किया।
खेल प्रतियोगिताओं के मैराथन का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह बिष्ट ने किया। बालक वर्ग में आशु कुमार और बालिका वर्ग में शोभा राणा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बालिका वर्ग के कबड्डी फाइनल मुकाबले में आर्य कन्या इंटर कालेज कोटद्वार ने इंटर कालेज मोटाढाक को 20-04 से हराया। बालक वर्ग में इंटर कालेज मोटाढाक ने आरडी कालेज कोटद्वार, जीआईसी कोटद्वार ने एसजीआरआर कोटद्वार, एमकेवीएन ने क्रेडिल प्ले निंबूचौड़ और एमकेवीएन ने झंडीचौड़ क्लब को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। वालीबॉल मुकाबले में फाइट क्लब नेेेे चीनी मिल नजीबाबाद और मालिनी ए ने यूथ फाउंडेशन बी को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। प्रतियोगिताओं में मान सिंह थापा, सुरेंद्र सिंह, सुनील रावत, महेंद्र गुसाईं, धीरेंद्र कंडारी, गोपाल जसोला ने रेफरी का दायित्व संभाला। वहीं आंखों देखा हाल सुरदीप गुसाईं ने सुनाया। इस अवसर पर मेला अध्यक्ष मंजुल डबराल, मेला संयोजक वीरेंद्र रावत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष सुमन कोटनाला, पार्षद गीता नेगी, उमेश रावत, राजीव डबराल, विमल कुमार, गौरव उनियाल, अनिल बलूनी, गुलशन काला मौजूद रहे।