कोटद्वार। कोतवाली पुलिस ने सोमवार को नगर में विभिन्न बैंकों की शाखाओं और एटीएम में सुरक्षा प्रबंधों को जांचा। कई बैंकों में जहां सुरक्षा गार्ड नहीं पाए गए, वहीं कई बैंक शाखाओं और एटीएम में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होने पर पुलिस ने नाराजगी जताई। पुलिस ने संबंधित बैंक अधिकारियों को बैंकों और एटीएम में उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने को कहा।
प्रभारी कोतवाल एसएसआई प्रदीप नेगी के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस ने सोमवार को थाना देहात के अंतर्गत पड़ने वाले सभी बैंकों और एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने बैंकों और एटीएम की सुरक्षा के लिए सुरक्षा गार्डों को तैनात करने, सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाने और खराब सीसीटीवी कैमरों को बदलने के लिए बैंकों के अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने बैंकों के अधिकारियों को सीसीटीवी कैमरे न लगाने पर कार्रवाई की हिदायत दी। इस मौके पर बाजार चौकी इंचार्ज उप निरीक्षक रवींद्र सिंह नेगी, कलालघाटी चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप शर्मा, सनेह चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक सिरस्वाल, बबलू चौहान व किशन दत्त शर्मा आदि मौजूद रहे।
-फोटो