कोटद्वार। नजीबाबाद चौक पर सिंचाई नहर से अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंची प्रशासन और विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम को रेस्टोरेंट स्वामी और उनके परिजनों का भारी विरोध झेलना पड़ा। पुलिस को उन्हें बलपूर्वक हटाना पड़ा। सिंचाई विभाग ने नहर के ऊपर बनी दुकान की सीढ़ियों पर जेसीबी चलाई। करीब एक घंटे तक हंगामे के बीच चली कार्रवाई के बाद एसडीएम के मौखिक आदेश पर अतिक्रमण हटाने का कार्य रोक दिया गया।
बृहस्पतिवार को नायब तहसीलदार डबल सिंह रावत के नेतृत्व में सिंचाई विभाग, नगर निगम और पुलिस प्रशासन जेसीबी मशीन के साथ नजीबाबाद चौक पर पहुंचा। उन्होंने सिंचाई विभाग के अतिक्रमण को नापना शुरू कर दिया। चौराहे पर अतिक्रमण हटता देख वहां भीड़ एकत्र हो गई। रेस्टोरेंट स्वामी की गैर मौजूदगी में उनके परिजनों ने इसका विरोध किया। उनका कहना था कि मामला कोर्ट में चल रहा है, इसलिए कोर्ट के फैसले का इंतजार किया जाना चाहिए, लेकिन सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने उनकी एक नहीं सुनी और दुकान की सीढ़ियों पर लाल रंग से निशान लगाना शुरू कर दिया। उन्होंने इसका विरोध करना चाहा तो पुलिस ने उन्हें जबरन वहां से हटाया। विभाग ने जबरन दुकान की सीढ़ियों को तोड़ना शुरू कर दिया। इस दौरान उच्चाधिकारियों का फोन आया, जिस पर नायब तहसीलदार ने अतिक्रमण हटाओ अभियान रोक दिया। अतिक्रमण हटाओ टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके से लौट गई।
नायब तहसीलदार डबल सिंह रावत ने बताया कि एसडीएम के मौखिक निर्देश पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई रोक दी गई है। उन्होंने बताया कि अभियान दो दिन के लिए रोका गया है। इस दौरान सिंचाई विभाग के एसडीओ सीपी भट्ट, सहायक अभियंता अनिल राठौर व नगर निगम के सहायक आयुक्त राजेश नैथानी समेत कई विभागीय अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
-फोटो