कोटद्वार। कोटद्वार-पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बरसात के दौरान हेलमेट पहनकर नहीं जाना खतरे से खाली नहीं है। मार्ग पर पहाड़ी से पत्थर गिर रहे हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की ओर से भी कई खतरनाक स्थानों पर पहाड़ियों से पत्थर गिरने से खतरे के सूचना बोर्ड भी लगाए हैं, लेकिन लोग इन चेतावनी की भी अनदेखी कर जान जोखिम में डाल रहे हैं।
सिद्धबली बैरियर के सौ मीटर आगे से लालपुल तक लगातार पत्थर गिरते हैं। इसके अलावा चौथे और पांचवें मील, आमसौड़ से पहले दो सौ मीटर क्षेत्र में, दुर्गा देवी से ऐता बैंड तक पहाड़ियों से लगातार पत्थर गिर रहे हैं। दुगड्डा से गुमखाल तक खड़ी चट्टानों से बारिश के दौरान हर वक्त पत्थरों के गिरने का खतरा बना रहता है। सीओ जेआर जोशी का कहना है कि हाईवे पर हेलमेट पहनना अनिवार्य है, इसके लिए पुलिस लगातार चेकिंग अभियान भी चलाती है।