कोटद्वार। त्रिवेणी जन चेतना समिति की ओर से क्षेत्रीय प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्तर के विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की विभिन्न शैक्षिक और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय के शैलेष बहुगुणा और उच्च प्राथमिक विद्यालय की प्रियंका ने प्रथम स्थान हासिल किया।
त्रिवेणी जन चेतना समिति द्वारा द्वारीखाल के ग्वील स्थित शिवालय मंदिर परिसर में आयोजित प्रतियोगिताओं का शुभारंभ मुख्य अतिथि कोमल गिरी गोस्वामी ने किया। प्रतियोगिता में आठ विद्यालयों ने प्रतिभाग किया। भाषण प्रतियोगिता में प्राथमिक विद्यालय के करन कुमार और उच्च प्राथमिक विद्यालय के अरुण कुमार प्रथम स्थान पर रहे। सामूहिक गायन में राजकीय प्राथमिक विद्यालय छतिंडा और राजकीय इंटर कालेज अव्वल रहे। इस दौरान समिति द्वारा 2017 की बोर्ड परीक्षा के मेधावी छात्र-छात्राओं अनुराग, सतेंद्र और कनिका को पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर गिरधारीलाल कंडवाल, केशव बडोला, धीरज पाल ध्यानी, शिवानी धंसेला, पूनम कंडवाल, महेंद्र सिंह राणा व राजेंद्र गिरी आदि मौजूद रहे।