कोटद्वार। ई-रिक्शा चालक के साथ मारपीट से आक्रोशित ई-रिक्शा चालक संघ ने कोतवाली पहुंचकर मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर उन्होंने आंदोलन की चेतावनी दी है।
शनिवार को ई-रिक्शा चालक संघ के अध्यक्ष प्रवीण थपलियाल के नेतृत्व में शहर के ई-रिक्शा चालक कोतवाली में एकत्र हुए। उन्होंने एसएसआई राकेंद्र कठैत को एक ई-रिक्शा चालक के साथ बिना बात मारपीट करने की तहरीर दी। उन्होंने कहा कि शुक्रवार शाम चार बजे ई-रिक्शा चालक जावेद अपने रूट पर चल रहा था। तभी टैंपो चालकों ने उसके साथ मारपीट कर दी और उससे 800 रुपये छीन लिए। साथ ही चालक को इस मार्ग पर वाहन नहीं चलाने की धमकी भी दी।
उन्होंने कहा कि ई-रिक्शा चालक बिना किसी स्टैंड पर रुके रिक्शे संचालित कर रहे हैं, लेकिन टैंपो चालकों द्वारा लगातार उनके साथ अभद्रता की जा रही है। अब तो वे मारपीट और पैसे छीनने पर उतारू हो गए हैं। ऐसे में पुलिस को ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने पुलिस से मारपीट और पैसा छीनने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। ऐसा नहीं होने पर उन्होंने आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी है। इस अवसर पर संघ के महासचिव सर्फराज अहमद, उपाध्यक्ष प्रदीप भट्ट, सचिन कुमार, सुबोध भट्ट, सईस अहमद, सुल्तान अहमद, मनीष रावत, पवन नैनवाल, संजय ढौंडियाल, जयदीप भंडारी मौजूद थे।