कोटद्वार। कोटद्वार को अलग जिला बनाए जाने की मांग को लेकर बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ताओं ने तहसील में धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने प्रदेश सरकार से शीघ्र कोटद्वार को जिला घोषित नहीं करने पर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
शनिवार को बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार पंत के नेतृत्व में अधिवक्ता तहसील में एकत्र हुए। उन्होंने एसडीएम कार्यालय के समक्ष धरना दिया और प्रदेश सरकार के खिलाफ अपनी मांग के समर्थन में नारेबाजी के साथ प्रदर्शन किया। इस अवसर पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने प्रदेश सरकार पर क्षेत्रीय जनता को धोखा देने का आरोप लगाया। कहा कि भाजपा प्रत्याशी ने विधानसभा चुनाव से पूर्व बार एसोसिएशन और क्षेत्रीय जनता से छह माह के अंदर कोटद्वार को जिला बनाने का आश्वासन देकर वोट देने की अपील की थी, लेकिन विधायक बनने के वे कोटद्वार जिले को भूल गए हैं। चेताया कि अगर जल्द मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष पंकज कुमार भट्ट, बृजमोहन रावत, बिज्रेंद्र राणा, कुंवर सिंह गुसाईं, अरविंद वर्मा, प्रवेश रावत, प्रमोद राणा आदि मौजूद थे।