कोटद्वार। सरकारी अस्पताल परिसर में दिनदहाड़े चोरों ने एक डॉक्टर के आवास का ताला तोड़कर वहां से लाखों रुपये के जेवरात और नगदी पर हाथ साफ कर दिया। डाक्टर ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है। घटना मंगलवार सुबह आठ बजे से साढ़े दस बजे के बीच की है।
कोटद्वार अस्पताल के निष्चेतक डा. एसडी आर्य और उनकी पत्नी स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. भावना रोज की भांति सुबह करीब आठ बजे कमरे में ताला लगाकर अस्पताल चले गए। करीब ढाई घंटे बाद डॉ. आर्य किसी कार्य से घर पहुंचे तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। कमरे के अंदर पहुंचे तो बैडरुम के दरवाजे पर लगा ताला भी टूटा हुआ और दरवाजा खुला पड़ा मिला। बेडरूम में रखी आलमारी के लॉकर का दरवाजा भी खुला हुआ था। आलमारी के अंदर रखी नगदी और जेवरात भी वहां से गायब थे। आलमारी में रखा एक डिजीटल कैमरा भी चोर ले गए। डॉ. आर्य ने बताया कि चोर लाखों के जेवरात, करीब साठ हजार की नगदी व डिजीटल कैमरा चुरा ले गए। कोटद्वार अस्पताल के सीएमएस डा. आईएस सामंत की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने डॉक्टर के घर का निरीक्षण किया।
उधर, कोटद्वार शहर से लेकर द्वारीखाल के ग्रामीण अंचल तक चोरों ने कई घरों में सेंधमारी कर चोरी की है। द्वारीखाल विकासखंड के डोबर गांव में एक प्राथमिक स्कूल, मंदिर में भी चोरों ने सेंधमारी कर सामान उड़ाया है। कंडाखनीखाल में चोरों ने एक ही रात में तीन दुकानों के ताले तोड़कर सामान और नगदी पर हाथ साफ किया है। डोबर के ग्रामीणों ने एक बंद घर में घुसे एक चोर को दबोचकर राजस्व पुलिस के हवाले किया है, बताया कि दो चोर भागने में सफल रहे हैं। अमाल्डू की प्रधान रेनू देवी ने बताया कि क्षेत्र में बंद पड़े घर चोरों के निशाने पर हैं। जिस चोर को ग्रामीणों ने राजस्व पुलिस के हवाले किया है, उसके पास से आलानकब भी मिला है। लैंसडौन के नायब तहसीलदार कुलदीप रावत ने बताया कि राजस्व टीम को मौके पर भेजा गया है।
कोटद्वार के जौनपुर में दिन दहाड़े तीन बंद घरों के ताले तोड़े
कोटद्वार। यूपी बार्डर से सटे गढ़वाल के प्रवेश द्वार कोटद्वार में चोर सक्रिय हो गए हैं। रविवार दिन में चोरों ने जौनपुर के तीन बंद घरों में सेेंधमारी कर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है। जौनपुर निवासी मदन सिंह अधिकारी के घर से चोर एक टूल्लू पंप, साढ़े आठ हजार रुपये की नकदी, बाइक की चाबी ले गए हैं। दूसरी घटना चोरों ने सते सिंह रावत निवासी जौनपुर के यहां हुई। यहां चोर घर का ताला तोड़कर घर खंगाल रहे थे, तभी उन्हें किसी के आने का खटका हुआ। इसी बीच कुछ बच्चे आंगन में खेलने लगे। चोर वहां से भाग खड़े हुए। तीसरी घटना चोरों ने विजेंद्र सिंह बिष्ट निवासी जौनपुर के यहां अंजाम दिया। यहां चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए थे, लेकिन उनके हाथ कुछ नहीं लगा। तीनों परिवारों की ओर से कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई है। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।