कोटद्वार। सोमवार को विकासखंड मुख्यालय दुगड्डा में तालाबंदी और हंगामा करने वाले ब्लाक प्रमुख, ग्राम प्रधान और बीडीसी सदस्यों के खिलाफ बीडीओ सुमन राणा ने मुकदमा दर्ज कराया है। बीडीओ ने यह रिपोर्ट राजस्व पुलिस सीला-दो में दर्ज कराई है। बीडीओ ने घटनाक्रम की जानकारी स्थानीय प्रशासन को भी दे दी है।
राजस्व पुलिस के उपनिरीक्षक एनएस राणा ने बताया कि बीडीओ सुमन राणा ने सोमवार को करीब 20 से 30 लोगों के ब्लाक दफ्तर में जबरन घुसने और सरकारी काम में बाधा पहुंचाने की बात कही है। तहरीर में कहा कि कुछ प्रधान, बीडीसी सदस्य और बीडीसी सदस्य पति बाहरी लोगों के साथ अनाधिकृत रुप से भीड़ की शक्ल में ब्लाक मुख्यालय पहुंचे। ये लोग उनके दफ्तर में पहुंचे, जहां उन्होंने उनके साथ गालीगलौच की। कहा कि कुछ लोग शराब के नशे में भी थे। इन लोगों ने उन्हें तथा कार्यालय में काम कर रहे कर्मचारियों को जबरन बाहर निकाला। कहा कि जब वह अपने दफ्तर से उठकर मनरेगा कक्ष की ओर जाने लगी तो उनका पीछा करते हुए ये लोग वहां तक पहुंच गए। वहां भी इन लोगों ने उनके साथ गालीगलौच और अभद्र व्यवहार किया। कहा कि वहां से भी उन्हें बाहर निकाल दिया गया। बीडीओ सुमन राणा ने आरोप लगाया कि उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है। तहरीर में ब्लाक प्रमुख सुरेश असवाल, मवाकोट के प्रधान सुरेश रावत, काशीरामपुर के बीडीसी सदस्य हेमचंद पंवार, झंडीचौड़ पश्चिमी के प्रधान पूरणचंद, झंडीचौड़ पूर्वी के कृष्णकांत, निंबूचौड़ प्रधानपति विनोद सिंह को नामजद और कोटद्वार क्षेत्र के 10 से 15 प्रधान और इतने ही बीडीसी सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। राजस्व पुलिस ने आईपीसी की धारा 186, 189, 452, 354, 504 और 506 में मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।