लॉकडाउन के कारण देश के विभिन्न राज्यों से प्रवासियों का कोटद्वार आना जारी है। शनिवार को कर्नाटक, राजस्थान, महाराष्ट्र और देहरादून से आठ बसों में सवार होकर करीब 198 प्रवासी कोटद्वार पहुंचे।
शनिवार को रेल से हरिद्वार पहुंचे बंगलूरू (कर्नाटक) के 80 प्रवासियों को लेकर उत्तराखंड रोडवेज की चार बसें हरिद्वार से कोटद्वार पहुंचीं। प्रशासन की ओर से मेडिकल जांच के बाद राजस्थान और कर्नाटक के ग्रीन जोन से आए 154 प्रवासियों का होम क्वारंटीन कर उनके घरों को भेज दिया है, जबकि महाराष्ट्र के रेड जोन से आए 44 प्रवासियों को संस्थागत क्वारंटीन कर दिया गया है।
नायब तहसीलदार आरपी ममगाईं ने बताया कि रेड जोन महाराष्ट्र से निजी बस से आए सभी 44 लोगों को संस्थागत क्वारंटीन कर दिया गया है। शेष लोगों को होम क्वारंटीन कर उनके गंतव्य को रवाना कर दिया गया है।