कोटद्वार। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नगर निगम 89 लोगों को जल्द ही अपने घर मिलेंगे। सरकार ने पहली किश्त की धनराशि के तौर पर प्रति परिवार 20 हजार की किश्त जारी कर दी है।
सहायक नगर आयुक्त राजेश नैथानी ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए नगर निगम को 450 लोगों के आवेदन प्राप्त हुए थे। सत्यापन के दौरान 89 लोगों के आवेदन वैध पाए गए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नगर निगम को पहली किश्त के रूप में प्रति परिवार 20 हजार की धनराशि प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में मकान की नींव तैयार होगी, इसके बाद छत का निर्माण के लिए दूसरी किश्त जारी की जाएगी। तीसरी किश्त फिनीशिंग के लिए जारी होगी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रति परिवार दो लाख की धनराशि दी जानी है। योजना का लाभ उठाने के लिए आवेदक की उम्र 21 से 55 साल होनी चाहिए।
योजना के तहत निम्न आर्थिक वर्ग के लिए सालाना घरेलू आमदनी 3.00 लाख रुपये और कम आय वर्ग के लिए सालाना आमदनी 3 से 6 लाख के बीच होनी चाहिए। साल में 12 और 18 लाख रुपये तक की आमदनी वाले लोग भी योजना का लाभ उठा सकते हैं। योजना के तहत 6 लाख सालाना आय वर्ग के लोगों को 6 लाख रुपये तक का होम लोन मिल सकता है। सरकार लोन के ब्याज दर पर 6.5 फीसदी की सब्सिडी देगी। 12 लाख सालाना आय वाले लोगों को 9 लाख रुपये तक लोन मिलेगा। सरकार इस लोन के ब्याज दर पर 4 फीसदी की सब्सिडी देगी। 12 से 18 लाख सालाना आय वर्ग के लिए 12 लाख रुपये तक का लोन मिल सकता है। सरकार इस लोन के ब्याज दरों में 3 फीसदी की छूट देगी। नगर सहायक आयुक्त ने बताया कि अगर आवेदक के पति, पत्नी या बच्चे के नाम से देश में कहीं भी कोई पक्का मकान है, तो वह योजना का लाभ नहीं उठा सकता है।