लैंसडौन। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में गढ़वाल राइफल्स रेजीमेंट सेंटर (जीआरआरसी) की ओर से लोगों में राष्ट्रीयता की भावना जागृत करने के उद्देश्य से ‘नेशन फर्स्ट’ मिनी मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया। इसमें बच्चे, युवा और बुजुर्गों ने देश की आन बान और शान के लिए दौड़ लगाई। अपने-अपने वर्गों में संजय सिंह, निशा राना, जोगिंद्र सिंह, नायब सूबेदार प्रथजोत प्रथम स्थानों पर रहे। विजेताओं को कार्यवाहक कमांडेंट कर्नल शलभ सनवाल ने पुरस्कृत किया।
रविवार को गढ़वाल राइफल्स के कार्यवाहक कमान अधिकारी कर्नल शलभ सनवाल ने नायक भवानी दत्त जोशी परेड ग्राउंड में झंडी दिखाकर मिनी मैराथन का शुभारंभ किया। मिनी मैराथन दौड़ में शामिल होने के लिए गढ़वाल मंडल के सभी जिलों से आए प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। दौड़ में पर्यटकों ने भी अपनी सहभागिता निभाई।
पुरुष वर्ग की 10 किमी दौड़ में संजय सिंह ने पहला, नरेंद्र सिंह ने दूसरा, केशव सिंह ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग की पांच किमी दौड़ में निशा राना ने प्रथम, प्रियंका रावत ने द्वितीय और पारस भंडारी तृतीय स्थान प्राप्त किया। छात्र वर्ग की चार किमी दौड़ में जोगिंद्र सिंह, शिव चौधरी, अर्जुन, चार किमी. की वरिष्ठ 45 और इससे अधिक आयु वर्ग की दौड़ में नायब सूबेदार प्रथजोत, हवलदार महिंद्र और शिवचरन सिंह बिष्ट ने क्रमश प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में सोनिया चौधरी, सरिता राणा और छात्र वर्ग से कनक गोसाई व साक्षी भट्ट को सांत्वना पुरस्कार दिया गया।
-फोटो