सतपुली। गैरसैंण राजधानी निर्माण संघर्ष समिति की चौबट्टाखाल इकाई के बैनर तले राजधानी के समर्थन में आंदोलनकारियों ने रैली निकालीर । उन्होंने तहसीलदार ख्याली चंद्र पंत चौबट्टाखाल के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर गैरसैंण को अविलंब उत्तराखंड की राजधानी घोषित करने की मांग की। ऐसा नहीं करने पर सड़कों पर उतरकर आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी।
शनिवार को भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष तीरथ सिंह राही के नेतृत्व में आंदोलनकारियों ने चौबट्टाखाल कस्बे के मुख्य बाजार में रैली निकाली। रैली के दौरान आंदोलनकारी गैरसैंण राजधानी बनाए जाने के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। इस अवसर पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने गैरसैंण को स्थाई राजधानी बनाए जाने पर जोर दिया। कहा कि जिन सपनों के लिए उत्तराखंड का आंदोलन किया गया था, वह आज भी अधूरा है। जब तक पहाड़ों का विकास नहीं होगा तब तक उत्तराखंड की खुशहाली की कल्पना नहीं की जा सकती। इसके लिए गैरसैंण को राजधानी और पहाड़ों में उद्योग लगने जरूरी हैं। उन्होंने पहाड़ के विकास और गैरसैंण को राजधानी बनाने के लिए क्षेत्रीय जनता से आगे आने का आवाहन किया। उन्होंने राजधानी के संबंध में निर्णय ना होने तक आंदोलन जारी रखने का आह्वान किया।
इस अवसर पर छात्र संघ अध्यक्ष अजय सिंह, राज्य आंदोलनकारी संजय बूडाकोटी, मनीष खुगशाल, मुकेश चंद, सुमित रावत, नितिन सुंदरियाल, अरविंद निराला, रवि बडोला समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद थे।