कोटद्वार। गढ़वाल संसदीय सीट के तहत सबसे अधिक मतदाता कोटद्वार विधानसभा में हैं। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव के मुकाबले कोटद्वार विधानसभा में मतदाताओं की संख्या 9,746 बढ़ी है, जबकि सबसे कम मतदाता लैंसडौन विधानसभा सीट में हैं। यहां मतदाताओं की संख्या में केवल 1,986 की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। यमकेश्वर में 2,927 और चौबट्टाखाल में 1741 वोटर बढ़े हैं।
जिला निर्वाचन कार्यालय पौड़ी की ओर से 11 अप्रैल को होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए हर विधानसभा की संशोधित मतदाता सूची जारी कर दी गई है। सूची के अनुसार कोटद्वार विधानसभा में कुल मतदाताओं की संख्या एक लाख सात हजार 835 हो गई है। इसमें 54,380 पुरुष, 53453 महिला मतदाता हैं। दो ट्रांसजेंडर मतदाता भी हैं। गत विधानसभा चुनाव के मुकाबले इस बार मतदाताओं की संख्या 9,746 बढ़ गई है।
लैंसडौन विधानसभा में इस बार कुल 80038 मतदाता वोट डालेंगे। इसमें 42030 पुरुष मतदाता और 38008 महिला मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले यहां मतदाताओं की संख्या 1,986 बढ़ी है।
यमकेश्वर विधानसभा में इस बार 85, 293 मतदाता वोट डालेंगे। इसमें 44, 821 पुरुष मतदाता, 40,470 महिला मतदाता और दो ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। गत विधानसभा चुनाव के मुकाबले यहां मतदाताओं की संख्या 2,927 बढ़ी है।
चौबट्टाखाल विधानसभा में इस बार के लोकसभा चुनाव में कुल 88, 975 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसमें 44,275 पुरुष मतदाता और 44,760 महिला मतदाता शामिल हैं। गत विधानसभा चुनाव के मुकाबले यहां मतदाताओं की संख्या 1,741 बढ़ी है।