किशनपुर। भाबर क्षेत्र के अंतर्गत रामदयालपुर में पेड़ से गिरकर एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे गंभीर हालत में कोटद्वार बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। सिगड्डीस्रोत निवासी कासिम (35) बृहस्पतिवार सुबह रामदयालपुर में एक पेड़ से पशुओं के लिए चारा पत्ती काट रहा था। इस दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह पेड़ से नीचे जमीन पर आ गिरा। आसपास के लोग उसे गंभीर हालत में उपचार के लिए कोटद्वार बेस अस्पताल लाए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डाक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। ग्रामीण चंद्रकांता केष्टवाल ने बताया कि परिजन उसे पहले एम्स ऋषिकेश ले गए, जहां डाक्टरों ने बेड खाली न होने की दशा में जौलीग्रांट अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।