बैजरो। मैठाणाघाट-ग्वीन मल्ला मोटर मार्ग कटिंग के कार्य में लोनिवि बैजरो की लापरवाही का खामियाजा ग्रामीण और इंटर कालेज के छात्र-छात्राओं को भुगतना पड़ रहा है। दरअसल रोड कटिंग के दौरान एक सप्ताह पूर्व सड़क का मलबा इंटर कालेज ग्वीनखाल के रास्ते में आ गया, लेकिन विभाग ने अभी तक मलबा हटाने की जहमत नहीं उठाई। इससे छात्र-छात्राओं को एक किमी की चढ़ाई चढ़कर विद्यालय पहुंचने को मजबूर होना पड़ रहा है।
ग्राम प्रधान पुष्कर सिंह रावत, राजेंद्र सिंह रावत, पृथ्वी सिंह रावत, भारत सिंह रावत व इंटर कॉलेज के कर्मचारी संतन सिंह रावत, अनीता रावत व लीला देवी का कहना है कि मैठाणाघाट-ग्वीन मल्ला मोटर मार्ग से ग्राम बवांसा तल्ला, चौंडी व खितोटिया आदि गांवों के विद्यार्थी और ग्रामीण आवागमन करते हैं, लेकिन मार्ग पर मलबा आने के कारण इंटर कॉलेज के छात्र-छात्राओं को पहले नदी किनारे बाजार और उसके बाद एक किमी की पहाड़ी की चढ़ाई चढ़नी पड़ रही है। ग्रामीणों ने कहा कि यदि छात्र-छात्राओं के लिए रास्ता नहीं बनाया गया तो वे लोनिवि के अधिकारियों का घेराव कर उग्र आंदोलन किया जाएगा। लोनिवि बैजरो के अधिशासी अभियंता आदर्श गोपाल का कहना है कि उक्त स्थान पर जेसीबी भेजकर रास्ता बनवाया जाएगा।
-फोटो