लैंसडौन। वन्य जीवों के प्रति प्रेम जगाने और वन्य जीवों की पारिस्थितिकी तंत्र में उपयोगिता के बारे में बच्चों की समझ जानने को लेकर सामाजिक संस्था डिवाइन हिमालयन फाउंडेशन की ओर से नरेंद्र क्लब में ऑन द स्पॉट पेंटिग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों ने अपनी कल्पनाशक्ति, वन्य जीवों के प्रति उनकी सोच को चित्रों में उकेरा। इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में भाग लेते हुए वक्ताओं ने मानव जीवन में वन्य-जीवों के महत्व को बताया और वन्य जीवों की रक्षा करने और दूसरों को इस दिशा में प्रेरित करने का संकल्प लिया।
प्रतियोगिता जूनियर और सीनियर वर्ग के बच्चों के लिए आयोजित की गई थी। जूनियर वर्ग कक्षा 6 से 8 तक की प्रतियोगिता का विषय ‘जंगल, जीव और हम’ तथा सीनियर वर्ग कक्षा 9 से 12वीं तक की प्रतियोगिता का विषय ‘जीवन ही है जीव और वन’ था। प्रतियोगिता में विभिन्न स्कूलों के 100 बच्चों ने भाग लिया। इस मौके पर फाउंडेशन के अध्यक्ष आशीष मैंदोला, सचिव राजीव शर्मा, चित्रकार देवेंद्र नैथानी, प्रभात थापा, आर्मी स्कूल के मनोज कुमार, गर्ल्स कालेज की उषा पंवार आदि मौजूद रहे।