दुगड्डा। श्री सिद्धबाबा मेला समिति दुगड्डा की ओर से आयोजित तीन दिवसीय सिद्धबाबा मेला महोत्सव वैदिक मंत्रोचारण के बीच गणेश पंचाग पूजन के साथ शुरू हो गया। महोत्स्व के पहले दिन विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और स्थानीय कलाकारों ने मनमोहक झाकियां निकालीं। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सिद्धबली बाबा के दर्शन कर मन्नतें मांगी।
रविवार को दुगड्डा के गोदीगांव स्थित पौराणिक सिद्धबाबा मंदिर में तीन दिवसीय मेले का यमकेश्वर के पूर्व प्रमुुख प्रशांत बडोनी ने डोली की पूजा अर्चना कर शुभारंभ किया। महोत्सव के पहले दिन मंदिर के पुजारी पंडित दिवाकर धूलिया के सानिध्य में सुबह गणेश पंचांग पूजन, सिद्धबाबा पूजन किया गया। महिलाओं ने भजन- कीर्तन कर भगवान श्रीगणेश का गुणगान किया।
दोपहर बाद मंदिर परिसर से सिद्धबाबा महोत्सव के उपलक्ष्य में झांकियां निकाली गयी, जिसमें सिद्धबाबा की डोली आकर्षण का केंद्र रही। लोगों ने डोली के पास जाकर भगवान श्रीगणेश के दर्शन किए और प्रसाद ग्रहण कर सुख शांति और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर जीआईसी दुगड्डा ने शिवतांडव, विश्व हिंदू परिषद ने देश भक्ति, धनीराम बाजार वार्ड ने शिव बारात की झांकी निकाली ।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष राजीव अग्रवाल, व्यवस्थापक राकेश मोहन काला, उपाध्यक्ष भीमचंद्र धूलिया, सचिव दीपक ध्यानी, सलाहकार जागेश्वर जोशी, कोषाध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट, सहव्यवस्थापक अतुल कुमार, सदस्य कपिल कुमार, विनोद कुमार, निर्मल,शम्मी चड्ढा, अनिल ध्यानी आदि मौजूद थे।