कोटद्वार। युवा कल्याण विभाग की ओर से एकेश्वर ब्लॉक के जीआईसी रीठाखाल में न्याय पंचायत स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस दौरान 100 मी. दौड़ में बालक वर्ग से साहिल और बालिका वर्ग से उन्नति ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
जीआईसी रीठाखाल के खेल मैदान में आयोजित प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि क्षेत्र पंचायत सदस्य माया गुसाईं ने किया। इस दौरान कबड्डी में बालक वर्ग से खुशबू पब्लिक इंटर कालेज सगलाकोटी व बालिका वर्ग से जीआईसी रीठाखाल और खोखो में बालक वर्ग से जनता इंटर कालेज कमलपुर व बालिका वर्ग से जीआईसी रीठाखाल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। बालक वर्ग से लंबी कूद और 400 मी. दौड़ में रियांशु पोखरियाल, गोला फेंक में प्रियांशु बडोला ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिता में विजयी छात्र-छात्राओं को मेडल दिए गए।
उधर, नगर पंचायत सतपुली में खेल महाकुंभ के तहत राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय सतपुली में अंडर-14 की खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष अंजना वर्मा व संयोजिका पुष्पा लिंगवाल ने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस दौरान 100 मी. दौड़ में साक्षी बिष्ट ने प्रथम, अंजली ने द्वितीय व लक्की गौड़ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।