कोटद्वार। नगर निगम कोटद्वार के वार्ड नंबर 11 झंडाचौक, बदरीनाथ मार्ग को कोटद्वार की हृदय स्थली के रूप में जाना जाता है। इस वार्ड के झंडाचौक पर लहराता 60 फीट ऊंचा तिरंगा कोटद्वार ही नहीं पूरे क्षेत्र की शान बना हुआ है। यहां सभी सुविधाएं मौजूद हैं, लेकिन पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण यहां के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
नव सृजित वार्ड नंबर 11 पूर्व में नगर पालिका का वार्ड नंबर तीन था। अब इसे नए परिसीमन में कुछ अन्य क्षेत्र मिलाकर नगर निगम वार्ड नंबर 11 बना दिया गया है। वर्तमान में इस वार्ड में कोटद्वार का झंडाचौक, मॉडल मांटेश्वरी स्कूल तक बदरीनाथ मार्ग, कोटद्वार थाना, तहसील, जलनिगम कालोनी, कालाबड़ बालाजी मंदिर तक, पुराना सिद्धबली मार्ग व गाड़ीघाट के कुछ हिस्से को शामिल किया गया है। इस वार्ड की आबादी 1508 है। कुल 1791 वोटरों वाले इस वार्ड का अधिकतर हिस्सा व्यापारिक प्रतिष्ठानों से जुड़ा हुआ है। यहां के झंडाचौक में 25 जनवरी को 60 फीट ऊंचे तिरंगे को स्थापित किया गया है। जिससे वार्ड की महत्ता और भी बढ़ गई है। वार्ड में पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी का आवास, थाना, तहसील, प्रेक्षागृह, नगर निगम कार्यालय, पोस्ट ऑफिस सहित अनेक बैंक हैं।
स्थानीय निवासी अशोक शर्मा, एके अग्रवाल, राकेश नैथानी व पायल नेगी ने बताया कि वार्ड में व्यवसायिक गतिविधियां अधिक होने के कारण यहां वाहनों की भीड़भाड़ लगी रहती है। यहां पार्किंग की व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग अपने वाहन सड़क किनारे खड़े कर देते हैं, जिससे आए दिन सड़क पर जाम की स्थिति बनी रहती है। उन्होंने कहा कि वे पार्किंग की व्यवस्था कराने में सक्षम पार्षद को वोट देंगे।
इंसेट
वार्ड में ये हैं पार्षद पद के प्रत्याशी
विपिन डोबरियाल- कांग्रेस
विवेक अग्रवाल -भाजपा
कीर्ति - निर्दलीय
दीपक कुमार -निर्दलीय
महेश चंद्र सिंह-निर्दलीय
विकास माहेश्वरी -निर्दलीय
-फोटो