कोटद्वार। कुवैत में पिछले दो दशक से नौकरी कर रहे उत्तराखंड कल्चरल एसोसिएशन कुवैत के सदस्य और कोटद्वार के मानपुर निवासी धीरेंद्र सिंह रावत ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से सीधा संवाद कर विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवकों से ठगी करने वाले एजेंटों पर शिकंजा कसने की मांग उठाई।
धीरेंद्र रावत ने बताया कि एसोसिएशन की ओर से कुवैत में विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के स्वागत में 30 अक्तूबर को नागरिक अभिनंदन और संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें उन्होंने इस मुद्दे पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि हाल ही में एसोसिएशन ने एक दलाल के फेर में फंसे कई लोगों को समय रहते ठगी का शिकार होने से बचा लिया। उन्होंने बताया कि रिखणीखाल ब्लॉक के बड़खेत गांव निवासी सुरेशानंद सुंडली मुंबई स्थित एक प्रतिष्ठित होटल में काम करते हैं। एक दलाल और उसके एजेंट ने कुवैत में मोटी रकम की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसकी जानकारी लगते ही उन्होंने मामले की जांच की। पता चला कि जिस कंपनी में नौकरी दिलाने की बात एजेंट कर रहा था, ऐसी कोई कंपनी कुवैत में थी ही नहीं। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने जवाब में बताया कि भारत सरकार की ओर से ऐसा पोर्टल बना दिया गया है, जिसमें सरकार में रजिस्टर्ड एजेंटों और एजेंसियों के नाम और कार्यालय के पते दर्ज हैं।
-फोटो