कोटद्वार। कोटद्वार और निकटवर्ती क्षेत्रों में 72वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। क्षेत्रवासियों ने सार्वजनिक स्थलों और सरकारी कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। विभिन्न विद्यालयों में देश भक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोगों में देश भक्ति का जज्बा भरा।
बुधवार को कोटद्वार के मालवीय उद्यान में आयोजित मुख्य समारोह में क्षेत्रीय विधायक और वन मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने राष्ट्रगान और पुलिस गारद की सलामी के साथ तिरंगा फहराया। इस अवसर पर छात्र- छात्राओं ने राष्ट्र गान और देशभक्ति के गीत सारे जहां से अच्छा हिंदोस्तां हमारा...प्रस्तुत किया। इस अवसर पर 29 शहीदों और एक स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिजनों को सम्मनित किया गया। इससे पूर्व छात्र-छात्राओं ने शहर के मुख्य मार्गों पर बैंड बाजों की धुन पर झांकियों के साथ प्रभात फेरी निकाली। इसके बाद वाल ऑफ काइंडनेस संस्था की ओर से कोटद्वार के झंडाचौक पर 60 फीट ऊंचा तिरंगा फहराया गया। वन मंत्री डा. हरक सिंह रावत ने तिरंगा फहराकर लोगों को राष्ट्र की सेवा में तत्पर रहने की अपील की। तहसील परिसर में उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता ने ध्वजा रोहण किया। कोतवाली में एएसपी हरीश वर्मा ने झंडा फहराया। नगर निगम में सहायक नगर आयुक्त राकेश नैथानी ने तिरंगा फहराया। अमर शहीद दिव्यांग एवं नेत्रहीन संस्थान शिब्बूनगर में संस्था अध्यक्ष भोपाल सिंह रावत ने ध्वजारोहण किया। भारत स्वाभिमान न्यास और महिला पतंजलि योग समिति ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी और तिरंगा फहराकर राष्ट्र को योग से निरोग रखने का संकल्प लिया।
बलूनी पब्लिक स्कूल में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कोटद्वार के शहीद मनदीप सिंह रावत को श्रद्धांजलि दी गई। बच्चों ने देश भक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों में देशभक्ति का जज्बा भरा। इस अवसर पर बलूनी क्लासेज की डायरेक्टर अभिलाषा भारद्वाज, विद्यालय के प्रबंधक रोशन भारद्वाज आदि मौजूद थे। इसके अलावा आरपी पब्लिक स्कूल, एमकेवीएन स्कूल, हैप्पी होम स्कूल, एवीएन स्कूल, आरसीडी स्कूल, बाल भारती स्कूल, क्रेडल पब्लिक स्कूल, नवयुग पब्लिक स्कूल, महर्षि विद्यामंदिर स्कूल, जीआईसी कोटद्वार, जीजीआईसी कोटद्वार, आर्य कन्या इंटर कालेज, जीआईसी कुंभीचौड़, सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कालेज जानकीनगर, मेहरबान सिंह कंडारी विद्या मंदिर इंटर कालेज, इंटर कालेज मोटाढांक, आशीषम फाउंडेशन आदि के छात्र-छात्राओं ने अपने-अपने क्षेत्र में प्रभातफेरी निकाली।
रिखणीखाल के भारत सिंह नेगी राजकीय महाविद्यालय में ध्वजारोहण के बाद गोष्ठी और व्याख्यान का आयोजन किया गया। जीआईसी द्वारी पैनो के छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। राजकीय प्राथमिक विद्यालय कोटड़ी में बच्चों ने देशभक्ति के गीत और कार्यक्रम प्रस्तुत किए। डीएवी पब्लिक स्कूल ने ध्वजारोहण के बाद पौधरोपण किया।
सतपुली क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के मौके पर तहसील मुख्यालय सतपुली, थाना सतपुली समेत नगर पंचायत सतपुली और पब्लिक इंटर कालेज सुरखेत सहित विभिन्न विद्यालयों में स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया। तहसील सतपुली में नायब तहसीलदार गोपाल कृष्ण कोटनाला और थाना सतपुली में थाना अध्यक्ष जितेंद्र चौहान ने ध्वजारोहण किया।
लैंसडौन में छावनी परिषद द्वारा स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर गांधी चौक में जीआरआरसी के कार्यवाहक कमान अधिकारी कर्नल शलभ सनवाल ने ध्वजारोहण किया। इस मौके पर छावनी परिषद के सीईओ भूपति रोहित, डा. एसपी नैथानी, दिनेश रावत, राजेंद्र राना, राजेश ध्यानी आदि मौजूद रहे।
यमकेश्वर तहसील में वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी उमेश चंद्र पांथरी ने ध्वजारोहण किया, खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय कांडी में यमकेश्वर की ब्लाक प्रमुख कृष्णा नेगी ने ध्वजारोहण किया, खंड विकास कार्यालय यमकेश्वर में खंड विकास अधिकारी यमकेश्वर अर्पणा बहुगुणा ने ध्वजारोहण किया, महायोगी गुरु गोरखनाथ महाविद्यालय बिथ्याणी में महाविद्यालय के प्रबंधक आनंद सिंह बिष्ट ने तिरंगा फहराया।
हाईस्कूल सीला के छात्र/छात्राओं ने जान जोखिम में डालकर रवासन नदी पार करने के बाद विद्यालय में स्वतंत्रता दिवस मनाया।
दुगड्डा में सिंचाई विभाग के ईई सुधीर मोहन ड्यूंडी ने शहीद चंद्रप्रकाश की धर्मपत्नी को सम्मानित किया। लैंसडौन वन प्रभाग के डीएफओ वैभव कुमार सिंह ने आजाद पार्क में पौधरोपण किया। जीआईसी, जीजीआईसी, सरस्वती विद्या मंदिर, गीतांजली पब्लिक स्कूल, मांटेसरी स्कूल, ब्रिज ऑफ होप संस्था और नगर पालिका विद्यालयों के छात्र छात्राओं नें प्रभात फेरी निकाली।
-फोटो